जमशेदपुर में बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, अवैध पिस्तौल और कारतूस के साथ दो युवक गिरफ्तार
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। उलीडीह ओपी क्षेत्र में पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश को नाकाम करते हुए दो युवकों को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है।
18 जून 2026 को वरीय पुलिस अधीक्षक, पूर्वी सिंहभूम को गुप्त सूचना मिली थी कि डिमना चौक के पास एक व्यक्ति नीले रंग की आर-15 मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के निर्देशन में डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने संदिग्ध युवक को हिरासत में लेकर तलाशी ली तो उसके पास से एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह पिस्तौल अपने साथी अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदी थी। इसके बाद पुलिस ने हथियार सप्लायर अभिषेक दास को भी दबोच लिया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया। मामले में आगे की जांच जारी है।
बॉक्स
इनकी हुई गिरफ्तारी
1. *अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके* (26), निवासी आस्था वैली, तामोलिया, कपाली थाना क्षेत्र
2. *अभिषेक दास* (25), निवासी शंकोसाई रोड नंबर-4, उलीडीह ओपी क्षेत्र

