मानगो की समस्याओं को लेकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने सौंपा मांग पत्र
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमेटी के जिला उपाध्यक्ष अंसार खान के नेतृत्व में मानगो क्षेत्र की बस्ती का एक प्रतिनिधिमंडल मानगो नगर निगम के उपनगर आयुक्त से मिला और क्षेत्र की ज्वलंत समस्याओं को लेकर मांग पत्र सौंपा। सहायक नगर आयुक्त मोहम्मद आकिब जावेद को बताया गया कि जवाहर नगर रोड नंबर 13 के पास स्थित बड़ी नाली के ऊपर से आवागमन होता है, जहां बीते एक सप्ताह में दो लोग गिरकर गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं।
प्रतिनिधिमंडल ने आरोप लगाया कि कई बार आवेदन देने के बावजूद नाली का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ। इस पर अंसार खान ने कहा कि अब आश्वासन नहीं, तत्काल काम की जरूरत है। सहायक नगर आयुक्त ने इंजीनियर को बुलाकर एक सप्ताह के भीतर कार्य शुरू कराने या अस्थायी रूप से स्लैब डलवाने का निर्देश दिया।
इसके अलावा क्षेत्र की सड़कों पर गंदगी की समस्या भी उठाई गई। इस पर नगर निगम ने बस्ती में नियमित सफाई कराने का आश्वासन दिया। प्रतिनिधिमंडल में मानगो प्रखंड अध्यक्ष ईश्वर सिंह सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

