मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन को दी श्रद्धांजलि, परिजनों से मिलकर जताई संवेदना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन संग बुधवार को दिवंगत पूर्व स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता मंत्री रामदास सोरेन के घोड़ाबांधा स्थित आवास पहुंचे। मुख्यमंत्री ने उनकी तस्वीर पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी और शोक संतप्त परिजनों से मिलकर संवेदना जताई। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा परिजनों को यह दुख सहन करने की शक्ति देने की कामना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “दिशोम गुरु शिबू सोरेन जी के निधन के बाद कुछ ही दिनों में रामदास सोरेन जी का चले जाना मेरे लिए असहनीय पीड़ा और राज्य के लिए अपूरणीय क्षति है।” उन्होंने याद किया कि रामदास सोरेन ने संघर्ष से अपनी पहचान बनाई और झारखंड आंदोलन में अहम योगदान दिया।

सीएम ने कहा कि रामदास सोरेन हमेशा आम लोगों के दुःख-दर्द दूर करने के लिए खड़े रहे। एक मंत्री के रूप में वे बच्चों को बेहतर शिक्षा और सरकारी विद्यालयों की आधारभूत संरचना मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि “रामदास सोरेन अब हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनका व्यक्तित्व और कार्य हमें हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।” उन्होंने उन्हें शत-शत नमन किया।


