मुख्यमंत्री ने नियुक्ति पत्र सौंपा, पर्यटन लोगो व वेबसाइट किया लॉन्च
राष्ट्र संवाद संवाददाता
रांची, 11 सितंबर 2025 – झारखंड मंत्रालय सभागार में मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने नगर विकास एवं आवास विभाग के तहत चयनित 19 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान उन्होंने कहा कि नियुक्तियों का सिलसिला जारी रहेगा और नवनियुक्त कर्मियों से अपेक्षा की कि वे पूरी निष्ठा व कुशलता से जिम्मेदारियां निभाएं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नगरीय क्षेत्रों में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। शहरों का योजनाबद्ध विकास आवश्यक है ताकि अव्यवस्थित विस्तार से उत्पन्न समस्याओं से बचा जा सके।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने झारखंड पर्यटन एवं झारखंड टूरिज्म डेवलपमेंट कॉरपोरेशन (JTDCL) के लोगो और वेबसाइट का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि झारखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्राकृतिक खूबसूरती को देश-दुनिया में पहचान दिलाने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। पर्यटन को बढ़ावा मिलने से अर्थव्यवस्था मजबूत होगी और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।

इस अवसर पर CTMS एप और होटल प्रबंधन संस्थान, रांची द्वारा प्रकाशित पुस्तक “Savouring Jharkhand” का भी विमोचन किया गया। कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, मुख्य सचिव अलका तिवारी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

