आरकॉम ऋण धोखाधड़ी मामला: सीबीआई ने अनिल अंबानी से 7 घंटे की पूछताछ
एजेंसी
नई दिल्ली। रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) से जुड़े 2,929 करोड़ रुपये के कथित ऋण धोखाधड़ी मामले में सीबीआई ने उद्योगपति अनिल अंबानी से शुक्रवार को सात घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। यह लगातार दूसरा दिन था जब अंबानी जांच के लिए सीबीआई मुख्यालय पहुंचे।
अधिकारियों के अनुसार, पूछताछ के दौरान ऋण राशि के कथित हेरफेर, गबन और अन्य अनियमितताओं को लेकर सवाल किए गए तथा कई दस्तावेजों की जानकारी मांगी गई। इससे एक दिन पहले भी उनसे करीब आठ घंटे पूछताछ हुई थी।
सीबीआई ने यह मामला भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) की शिकायत पर दर्ज किया था, जिसमें आरोप है कि आरकॉम ने ऋण प्राप्त करने के लिए गलत जानकारी दी। एसबीआई को इस मामले में 2,929 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है, जबकि कंपनी पर कुल बकाया 40,000 करोड़ रुपये से अधिक बताया गया है।
वहीं, अंबानी के प्रवक्ता ने कहा है कि वह सभी आरोपों का खंडन करते हैं और जांच एजेंसियों के साथ सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि मामला पुराना है और विभिन्न न्यायिक मंचों पर विचाराधीन है।
