स्वर्णरेखा नदी किनारे अतिक्रमण पर चला बुलडोजर, तीन मकान ध्वस्त
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो के कुंवर बस्ती इलाके में शुक्रवार को प्रशासन ने अतिक्रमण हटाओ अभियान के तहत स्वर्णरेखा नदी से सटे तीन मकानों को ध्वस्त कर दिया। पुलिस बल की मौजूदगी में जेसीबी से हुई कार्रवाई के दौरान कुछ देर तनाव की स्थिति बनी, लेकिन स्थिति नियंत्रण में रही।
अंचलाधिकारी बृजेश श्रीवास्तव ने बताया कि संबंधित मकान मालिकों को पूर्व में नोटिस दिया गया था। निर्धारित समय में निर्माण नहीं हटाए जाने पर प्रशासन ने कार्रवाई की। प्रशासन के अनुसार नदी क्षेत्र में अवैध निर्माण से जल प्रवाह और नदी क्षेत्र को खतरा है।

कार्रवाई के बाद प्रभावित परिवारों और स्थानीय लोगों में नाराजगी दिखी। स्थानीय निवासियों ने कार्रवाई का विरोध नहीं करते हुए सभी अतिक्रमणों पर समान रूप से कार्रवाई की मांग की। उनका आरोप है कि नदी किनारे कई बड़े भवन और व्यावसायिक प्रतिष्ठान अब भी मौजूद हैं, जिन पर कार्रवाई नहीं हुई है।
स्थानीय लोगों ने पूरे मानगो क्षेत्र में नदी किनारे निर्माणों की निष्पक्ष जांच, अवैध कब्जों पर समान कार्रवाई तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास या वैकल्पिक आवास की व्यवस्था की मांग की है। कार्रवाई के बाद नदी क्षेत्र के अतिक्रमण और प्रशासन की कार्रवाई की निष्पक्षता को लेकर बहस तेज हो गई है।

