जमशेदपुर में टाटा स्टील के 17 प्रतिष्ठानों को मिलेगी PNG, GAIL से हुआ समझौता
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। GAIL (इंडिया) लिमिटेड और टाटा स्टील ने जमशेदपुर स्थित टाटा स्टील के 17 प्रतिष्ठानों में पाइप्ड नेचुरल गैस (PNG) की आपूर्ति के लिए वाणिज्यिक समझौता किया है। इससे कैंटीन, मेस, गेस्ट हाउस, क्लब समेत अन्य सुविधाओं में LPG सिलेंडरों पर निर्भरता कम होगी।
समझौते पर GAIL के GM गौरी शंकर मिश्रा और टाटा स्टील की Chief L&D एवं Chief Diversity Officer जया सिंह पांडा ने हस्ताक्षर किए। PNG की निरंतर आपूर्ति से सिलेंडर के भंडारण व रखरखाव की जरूरत कम होगी तथा गैस के दबाव और गुणवत्ता में स्थिरता के साथ बेहतर सुरक्षा एवं सुविधा मिलेगी।
गौरी शंकर मिश्रा ने बताया कि GAIL के जमशेदपुर सिटी गैस डिस्ट्रीब्यूशन (CGD) नेटवर्क से जुड़े वाणिज्यिक ग्राहकों की संख्या 100 से अधिक हो चुकी है। उन्होंने कहा कि GAIL पूर्वी सिंहभूम में वाणिज्यिक एवं औद्योगिक प्रतिष्ठानों तक स्वच्छ ऊर्जा के रूप में PNG की पहुंच लगातार बढ़ा रहा है। यह समझौता जमशेदपुर में प्राकृतिक गैस के उपयोग को बढ़ावा देने के साथ GAIL और टाटा स्टील के सहयोग को भी मजबूत करेगा।

