,
विद्यार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने पर जोर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल नीमडीह राजकीयकृत +2 उच्च विद्यालय रघुनाथपुर, नीमडीह के प्रांगण में शुक्रवार को नवगठित विद्यालय प्रबंधन समिति (एसएमसी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समिति के नवनियुक्त अध्यक्ष, उपाध्यक्ष भारती महतो समेत अन्य सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में विद्यालय के शैक्षणिक एवं आधारभूत विकास को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में विद्यालय प्रबंधन समिति के पूर्व अध्यक्ष, सचिव सह प्रधानाध्यापक जय नंदन ठाकुर के अलावा विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं समिति के सदस्य उपस्थित रहे। इस दौरान विद्यालय में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं की नियमित एवं शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने, शिक्षण व्यवस्था को बेहतर बनाने तथा विद्यालय के विकास कार्यों में तेजी लाने पर जोर दिया गया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि विद्यालय के विकास के लिए शिक्षक, अभिभावक और प्रबंधन समिति को मिलकर प्रयास करना होगा। विद्यार्थियों की पढ़ाई में किसी प्रकार की बाधा न आए और उन्हें बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिले, इसके लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी।
बैठक में विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और आवश्यकताओं पर भी चर्चा की गई। साथ ही छात्र-छात्राओं की शिक्षा एवं विद्यालय के सर्वांगीण विकास में सभी की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की गई। अंत में नवगठित समिति के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए विद्यालय के उज्ज्वल भविष्य के लिए मिलजुलकर कार्य करने का आह्वान किया गया।

