ब्रह्मर्षि विकास मंच लक्ष्मी नगर इकाई ने मनाया मुखिया जी का शहादत दिवस
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर:ब्रह्मर्षि विकास मंच, लक्ष्मी नगर इकाई की ओर से जिला सचिव व कार्यक्रम के संयोजक शशि सिंह के नेतृत्व में सोमवार को स्वर्गीय ब्रह्मेश्वर नाथ सिंह मुखिया के शहादत दिवस के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन लक्ष्मी नगर स्थित बजरंगी बागान, हनुमान मंदिर परिसर में किया गया, जहां बड़ी संख्या में समाज के लोगों एवं मंच के सदस्यों ने उपस्थित होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
सभा में वक्ताओं ने स्व. ब्रह्मेश्वर मुखिया के जीवन, संघर्ष और किसानों के हित में किए गए कार्यों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने समाज और किसानों के अधिकारों के लिए निरंतर आवाज उठाई। उनके विचार और संघर्ष आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धासुमन अर्पित किए तथा उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। मंच के पदाधिकारियों ने कहा कि शहादत दिवस केवल श्रद्धांजलि का अवसर नहीं, बल्कि समाज को एकजुट कर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने का संदेश भी देता है।
कार्यक्रम में ब्रह्मर्षि विकास मंच के कई पदाधिकारी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में मंच के अध्यक्ष रामनारायण शर्मा कार्यकारी अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह महासचिव मुकेश कुमार पूर्व भाजपा नेता सतीश सिंह सहित अन्य सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका निभायी।

