विश्व तंबाकू निषेध दिवस पर ब्रह्माकुमारीज़ का नशा मुक्ति अभियान, युवाओं ने ली नशा छोड़ने की प्रतिज्ञा
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय, मरीन ड्राइव सोनारी सेवा केंद्र की ओर से विशेष नशा मुक्ति प्रतिज्ञा अभियान चलाया गया। अभियान के तहत शहर के विभिन्न स्थानों पर लोगों को नशा और व्यसन से दूर रहने का संकल्प दिलाया गया।
जुबली पार्क, टाटानगर रेलवे स्टेशन और राजेंद्र विद्यालय के बाहर आयोजित कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में युवाओं, यात्रियों और आम नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को ईश्वर को साक्षी मानकर नशा मुक्त जीवन जीने तथा समाज को भी नशा मुक्त बनाने की प्रतिज्ञा कराई गई।
कोल्हान निदेशिका ब्रह्माकुमारी अंजू दीदी ने कहा कि नशा केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे समाज को कमजोर करता है। उन्होंने युवाओं से राजयोग मेडिटेशन और श्रेष्ठ संकल्पों के माध्यम से नशे से दूर रहने की अपील की।
कार्यक्रम में ब्रह्माकुमारीज़ के भाई-बहनों और युवाओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई। अभियान का उद्देश्य लोगों में जागरूकता फैलाकर “नशा मुक्त भारत” के निर्माण में योगदान देना था।

