कांग्रेस के आरोपों पर बीजेपी का पलटवार ‘अगर लोग कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते तो हम इसमें क्या करें’
कांग्रेस के बैंक खाते जब्त करने के आरोपों पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा ने गुरुवार को अपने बैंक खाते जब्त करने को लेकर सरकार पर कांग्रेस के हमले को विपक्षी दल की हताशा करार दिया है और कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हार की हताशा में आज एक नया बहना बनाया है। उन्होंने कहा, अगर लोग कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते तो भाजपा इसमें मदद नहीं कर सकती।
भाजपा नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी पर इस मुद्दे पर झूठ बोलने का आरोप लगाया और सोनिया गांधी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि दोनों ने अपनी “गैरजिम्मेदाराना” टिप्पणियों से विश्व स्तर पर भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार किया है। प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस ने समय पर आयकर रिटर्न दाखिल नहीं किया, जिसके कारण उसके खाते जब्त कर लिए गए।
उन्होंने कांग्रेस नेताओं पर इस मुद्दे पर झूठ बोलने का आरोप लगाते हुए कहा कि विपक्षी दल को कोई न्यायिक राहत नहीं मिली और अब वह सुप्रीम कोर्ट गए हैं। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर उच्च न्यायालय ने भी कांग्रेस की खिंचाई की थी। प्रसाद ने कहा, ”हम कांग्रेस के अच्छे होने की कामना करते हैं और पार्टी को हमारी विनम्र सलाह है कि जितना अधिक आप राहुल गांधी को बोलने देंगे, उतनी ही अधिक आप जमीन खो देंगे।” उन्होंने कहा, अगर लोग कांग्रेस को वोट नहीं देना चाहते तो भाजपा इसमें मदद नहीं कर सकती।
कांग्रेस पार्टी ऑफिस से बहुत ज्ञान मिला
रविशंकर प्रसाद ने कहा, “आज कांग्रेस पार्टी ऑफिस से बहुत ज्ञान मिला है। राहुल गांधी ने तो ऐसा ज्ञान दिया है कि देश को भी काफी समय लगा समझने में। अगर राहुल गांधी, सोनिया गांधी और खड़गे के प्रेस के कॉन्फ्रेंस को एक शब्द में कहा जाए तो हार की हताशा में बहाना ढूंढ़ा गया है। कांग्रेस पार्टी का अकाउंट अगर फ्रीज किया गया है तो देश का अकाउंट फ्रीज किया गया है। ये तो कमाल है।” उन्होंने कहा, “मुझे जेपी आंदोलन के दिनों की याद आ गई। इंदिरा इस इंडिया, इंडिया इस इंदिरा।
कांग्रेस पार्टी राजनीतिक रूप से सूखकर कांटा हो गई है फिर भी कांग्रेस पार्टी का अकाउंट अगर फ्रीज हुआ तो देश का अकाउंट फ्रीज हुआ। राहुल गांधी आप देश का मतलब क्या समझते हैं? भारत के लोकतंत्र का अपमान नहीं करें। ये देश आपकी पार्टी से बड़ा है। इस देश का लोकतंत्र आपसे बड़ा है। आपने झूठ बोला है, गाली दी है। देश ने इसे देखा है। आप झूठ बोल सकते हैं, गाली दे सकते हैं, देश सुन रहा है। आपको ये तक अधिकार है। और कह रहे हैं देश में लोकतंत्र नहीं है।”