बूथ फ़तह की रणनीति पर भाजपा आगे, सभी बूथों तक पहुंचीं मतदाता पर्ची
हर बूथ पर कमल खिलाने के संकल्प को सिद्ध करने के लिए भारतीय जनता पार्टी युद्धस्तरीय कवायदें कर रही है। जमशेदपुर लोकसभा सीट पर दुबारा विद्युत वरण महतो को विजयी बनाने के लिए पार्टी ने बूथ प्रबंधन पर तेज़ी से काम शुरू कर दिया। जमशेदपुर लोकसभा के 1885 बूथों तक पार्टी की ओर से मतदाता पर्ची पहुंचा दी गयी है। बूथ स्तरीय कार्यकर्ता अब घर-घर दस्तक देंगे और मतदाता पर्ची के साथ भाजपा के संकल्प पत्र सभी मतदाताओं तक पहुंचाएंगे। शनिवार को बूथ पर्ची एवं मतदाता सूची विभाग का दायित्व संभाल रहे पार्टी कार्यकर्ताओं ने पार्टी के वरीय नेता खेमलाल चौधरी के दिशा-निर्देश में विधानसभावार सभी बूथों के मतदाता पर्ची और जरूरी सामग्रियों की किट तैयार किया। इसके बाद सम्बंधित विधानसभा संयोजकों को बूथ किट सौंप दिए गए हैं। रविवार से पार्टी के बूथ स्तरीय कार्यकर्ता भाजपा के संकल्प पत्र के साथ घर-घर दस्तक देंगे और एनडीए प्रत्याशी विद्युत वरण महतो को विजयी बनाने का अभियान तेज़ करेंगे। शनिवार को भाजपा के प्रधान चुनावी कार्यालय में बूथ किट तैयार किये जाने के दौरान विशेष रूप से खेमलाल चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, कल्याणी शरण, राकेश सिंह, अंकित आनंद, दीपक पारीक, मुचिराम बाउरी, अजय सिंह, मंजीत सिंह, दीपू शर्मा, किशोर साहू, देवनारायण साहू, पीयूष, नारायण सिकदर, सालिग देवांगन समेत अन्य मौजूद थे।