छात्रों पर मारपीट को भाजपा ने बताया तानाशाही का प्रतीक, विद्युत महतो बोले- लाठी से नहीं दबेगी युवाओं की आवाज
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के दौरान कथित मारपीट और पुलिसिया कार्रवाई को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर ने शनिवार को साकची स्थित जिला कार्यालय में प्रेस वार्ता की। सांसद विद्युत वरण महतो ने झामुमो-कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि लाठी-डंडे और राजनीतिक संरक्षण के बल पर हेमंत सरकार युवाओं की आवाज नहीं दबा सकती।
उन्होंने कहा कि रांची, हजारीबाग, गिरिडीह समेत विभिन्न जिलों में रोजगार, भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता और नियुक्तियों को लेकर आंदोलन कर रहे छात्रों के साथ मारपीट लोकतंत्र के लिए गंभीर चिंता का विषय है। सत्तारूढ़ दल के कार्यकर्ताओं पर लगाए गए हिंसा के आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और पुलिस प्रशासन की भूमिका की भी जांच आवश्यक है।
विद्युत महतो ने भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और छात्रों के साथ हुई हिंसा की सीबीआई जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की मांगों का जवाब लाठी से नहीं, संवाद और समाधान से दिया जाना चाहिए।
सांसद ने राहुल गांधी और कांग्रेस नेतृत्व से झारखंड के युवाओं के मुद्दे पर मौन तोड़ने की मांग करते हुए कहा कि युवाओं के न्याय की लड़ाई में भाजपा पूरी मजबूती के साथ उनके साथ खड़ी है। प्रेस वार्ता में भाजपा जिला प्रभारी बबन गुप्ता, जिला उपाध्यक्ष संजीव सिंह और जिला मीडिया प्रभारी प्रेम झा मौजूद रहे।

