
झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी, 16 शीर्ष नक्सली करेंगे आत्मसमर्पण; 11 अत्याधुनिक हथियार और 1500 से अधिक गोलियां करेंगे जमा
राष्ट्र संवाद संवादाता
रांची: झारखंड पुलिस को नक्सल उन्मूलन अभियान में एक बड़ी सफलता मिलने जा रही है। झारखंड सरकार की आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति “नई दिशा–एक नई पहल” के तहत राज्य के 16 शीर्ष नक्सली पुलिस मुख्यालय में आत्मसमर्पण करेंगे।
जानकारी के अनुसार, सभी नक्सली कुछ ही देर में झारखंड के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा के समक्ष आत्मसमर्पण करेंगे। आत्मसमर्पण के दौरान नक्सली अपने पास मौजूद 11 अत्याधुनिक हथियार और 1500 से अधिक जिंदा गोलियां भी पुलिस के हवाले करेंगे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सरकार की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर कई सक्रिय नक्सली मुख्यधारा में लौटने का निर्णय ले रहे हैं। आत्मसमर्पण करने वाले नक्सलियों को सरकार की नीति के तहत पुनर्वास, रोजगार और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।
झारखंड पुलिस का मानना है कि यह आत्मसमर्पण अभियान राज्य में नक्सलवाद के खिलाफ चल रही कार्रवाई को और मजबूती देगा तथा प्रभावित क्षेत्रों में शांति और विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। आत्मसमर्पण कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।

