भोजपुरी आईडल सीजन-2 का भव्य आयोजन, सुरों के संग्राम में निखरे नए सितारे
भोजपुरी संस्कृति मंच द्वारा आयोजित भोजपुरी आईडल सीजन – 2 का भव्य फाईनल संपन्न
राष्ट्र संवाद संवाददाता
भोजपुरी संस्कृति मंच द्वारा आयोजित भोजपुरी आईडल सीजन – 2 का भव्य फाईनल संपन्न हुआ। सुरों की इस महायात्रा का आयोजन उल्लासपूर्ण वातावरण में हुआ, जिसमें दर्शकों का उत्साह, प्रतिभागियों की प्रतिभा और सांस्कृतिक रंगों की झलक साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड सर्विसेज श्रमिक यूनियन के अध्यक्ष रघुनाथ पांडे मुख्य अतिथि के रूप में एवं भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य सह समाजसेवी भरत सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मंच पर उपस्थित रहे।
सभी प्रतिभागियों को पीछे छोड़ते हुए अंतिम चरण में पहुँचे प्रतिभागियों ने अपनी सुमधुर आवाज़ और सुरों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में दूरदर्शन कलाकार सह संगीत विसारह श्री सुशील साहिल एवं शास्त्रीय संगीत गायक श्री अनिल सिंह थे। निर्णायक मंडल की संयुक्त राय के आधार पर विजेताओं की घोषणा की गई जिनमें विजेता का स्थान प्रिया सिंह ने और उपविजेता का स्थान आनन्द कुमार ने प्राप्त किया। विजयी प्रतिभागियों को ट्रॉफी, प्रमाण पत्र एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। साथ ही अन्य सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र और ट्रॉफी देकर प्रोत्साहित किया गया। जिसमें विजेता को 5000 रूपये और उपविजेता को 3000 रूपये नकद पुरस्कार दिया गया। इस कार्यक्रम में विजय हुए प्रतिभागी को एक भजन एल्बम में गाने का मौका भी दिया जाएगा। कार्यक्रम के दौरान भोजपुरी संगीत, भाषा एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और प्रचार-प्रसार की आवश्यकता पर भी वक्ताओं ने अपने विचार रखे।
इस अवसर पर भोजपुरी संस्कृति मंच के संयोजक सह गीतकार तोमर सत्येंद्र सिंह, सुनील सहाय, बिकेश सहाय सहित कई गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे। भोजपुरी संस्कृति मंच के संयोजक सह गीतकार तोमर सत्येंद्र सिंह ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए आने वाले वर्षों में इसे और व्यापक रूप देने की बात कही।

