नीट मुद्दे पर विरोध से पहले केरल में बेरोजगारी संकट दूर करे कांग्रेस : भाजपा
तिरुवनंतपुरम, 24 जुलाई (भाषा) भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की केरल इकाई के अध्यक्ष राजीव चंद्रशेखर ने शुक्रवार को कहा कि कांग्रेस को कथित नीट प्रश्नपत्र लीक के मुद्दे पर नयी दिल्ली में विरोध प्रदर्शन करने से पहले इस दक्षिणी राज्य में बेरोजगारी के संकट का समाधान करना चाहिए।
केरल लोक सेवा आयोग (पीएससी) की नियुक्तियों में कथित अनियमितताओं के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों से मुलाकात के बाद संवाददाताओं से बातचीत में चंद्रशेखर ने कहा कि यह मुद्दा पिछले दो वर्षों से राज्य के नौकरी के इच्छुक युवाओं को प्रभावित कर रहा है।
उन्होंने कहा, ‘‘हमारे युवा रोजगार के लिए पीएससी की परीक्षाएं देते हैं, लेकिन उन्हें वे नौकरियां नहीं मिल रही हैं, जिन पर उनका अधिकार है।’’
चंद्रशेखर ने दावा किया कि केरल देश में सर्वाधिक बेरोजगारी दर वाले राज्यों में शामिल है और राज्य का इस समस्या के समाधान में विफल रहना निंदनीय है।
उन्होंने कहा, ‘‘यहां की समस्याओं का समाधान किए बिना हमारे मुख्यमंत्री दिल्ली जाते हैं, इधर-उधर घूमते हैं और फोटो खिंचवाते हैं। मैं उनसे अपील करता हूं कि वे हमारे युवाओं की समस्याओं और राज्य में बेरोजगारी के मुद्दे का समाधान करें।’’
भाजपा नेता ने आरोप लगाया कि सत्ता में आए दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बावजूद संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) सरकार रोजगार के अवसर पैदा करने में विफल रही है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस सरकार को सत्ता में आए दो या ढाई महीने हो चुके हैं। इस दौरान उसने 10,000 करोड़ रुपये से अधिक का कर्ज लिया है, लेकिन एक भी रोजगार का अवसर पैदा नहीं किया। उसने एक भी काम नहीं किया।’’
चंद्रशेखर ने कहा कि बेरोजगार युवाओं के अधिकारों और उनके भविष्य की रक्षा करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया, ‘‘हमें राहुल गांधी द्वारा दिल्ली में किए जा रहे नाटक और माकपा द्वारा किए जा रहे नाटक को स्पष्ट रूप से समझना चाहिए। यहां जब युवा वास्तविक संकट का सामना कर रहे हैं, तब ये लोग उनकी समस्या के समाधान के लिए कुछ नहीं करते। वे उंगली तक नहीं उठाते, लेकिन वहां जाकर तरह-तरह के बयान देते हैं।’’
नेमोम से विधायक चंद्रशेखर ने कहा कि वह अगले सप्ताह शिक्षा मंत्री से मुलाकात करेंगे और प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों की शिकायतों को उनके समक्ष रखेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘मैं आज वादा करता हूं कि भाजपा इस मुद्दे को विधानसभा में उठाएगी। भाजपा इन युवाओं के साथ खड़ी है और हमेशा उनके साथ रहेगी।’’

