जमशेदपुर में आत्महत्या रोकथाम को लेकर जागरूकता अभियान, 10 सितंबर को समापन कार्यक्रम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। जीवन आत्महत्या रोकथाम केंद्र की ओर से विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। संस्था के अनुसार, पिछले 11 वर्षों में जमशेदपुर में विद्यार्थियों से संबंधित आत्महत्या की घटनाओं में 54 प्रतिशत की कमी आई है।
अभियान के तहत 29 अगस्त को आर.एम.एस. स्कूल, खुंटाडीह में 17 स्कूल-कॉलेजों की भागीदारी से प्रतियोगिताएँ आयोजित की गईं। सितंबर में विद्यार्थियों द्वारा प्ले-कार्ड और नुक्कड़ नाटक के माध्यम से जागरूकता रैलियाँ निकाली जा रही हैं। 10 सितंबर को शाम 6 बजे माइकल जॉन ऑडिटोरियम में मुख्य समापन कार्यक्रम होगा। इसमें उपायुक्त श्री राजीव रंजन की उपस्थिति में टीएसयूआईएसएल के एम.डी. श्री अतुल भटनागर मुख्य अतिथि तथा अरका जैन यूनिवर्सिटी के प्रो-वीसी डॉ. अंगद तिवारी विशिष्ट अतिथि होंगे। कार्यक्रम में वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करने के साथ जागरूकता अभियान में सहयोग देने वालों को सम्मानित किया जाएगा।

