अनुमंडलीय अस्पताल में 87 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच, दवा के साथ खानपान की दी सलाह
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने की जांच,
जच्चा-बच्चा के बेहतर स्वास्थ्य के लिए किया जागरूक
बेगूसराय /राष्ट्र संवाद ब्यूरो
गर्भावस्था के दौरान मां और गर्भस्थ शिशु के बेहतर स्वास्थ्य के लिए समय पर जांच, उचित उपचार और पोषण संबंधी जागरूकता जरूरी है। इसी उद्देश्य से अनुमंडलीय अस्पताल तेघड़ा में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गुरुवार को 87 गर्भवती महिलाओं की प्रसवपूर्व जांच की गई। स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अपराजिता कुमारी ने गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच कर आवश्यक परामर्श और दवाइयां दीं। साथ ही खानपान, रहन-सहन और गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान गर्भवती महिलाओं की हीमोग्लोबिन, ब्लड शुगर, रक्तचाप सहित आवश्यक स्वास्थ्य जांच की गई। इन जांचों के माध्यम से एनीमिया, मधुमेह और उच्च रक्तचाप जैसी संभावित समस्याओं की पहचान कर समय पर चिकित्सकीय सलाह देने पर जोर दिया गया। महिलाओं को पौष्टिक आहार लेने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकीय सलाह के अनुसार दवाइयों का सेवन करने के लिए जागरूक किया गया, ताकि गर्भावस्था के दौरान होने वाली जटिलताओं का समय रहते पता लगाया जा सके।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रामकृष्ण ने कहा कि गर्भवती महिलाओं को गुणवत्तापूर्ण प्रसवपूर्व जांच और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना इसका प्रमुख लक्ष्य है। नियमित जांच से मां और बच्चे के स्वास्थ्य की निगरानी करने तथा संभावित जोखिमों की समय पर पहचान करने में मदद मिलती है।
जांच एवं परामर्श कार्यक्रम में काउंसलर रजनीश कुमार, एएनएम अर्पणा कुमारी, रीना कुमारी, प्रियंका कुमारी, कविता कुमारी, रीमा कुमारी, अमृता कुमारी और निधि कुमारी सहित स्वास्थ्यकर्मियों ने सहयोग किया।

