7 अगस्त को सिदगोड़ा में आजसू युवा सम्मेलन, 8 अगस्त को निर्मल महतो शहादत दिवस पर कदमा में होगा विशाल सम्मेलन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। आजसू पार्टी पूर्वी सिंहभूम जिला समिति की बैठक रविवार को निर्मल गेस्ट हाउस में जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में आगामी 7 अगस्त को सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में प्रदेश स्तरीय युवा सम्मेलन तथा 8 अगस्त को झारखंड आंदोलन के अमर शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर कदमा के गणेश पूजा मैदान में विशाल सम्मेलन के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा की गई।
जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह ने बताया कि दोनों कार्यक्रमों में पूरे झारखंड से हजारों की संख्या में आजसू पार्टी के कार्यकर्ता, युवा और समर्थक शामिल होंगे। सम्मेलन में पार्टी सुप्रीमो सुदेश कुमार महतो, सांसद, विधायक, प्रधान महासचिव, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक समेत केंद्रीय नेतृत्व की उपस्थिति रहेगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान संगठन विस्तार, राज्य के ज्वलंत मुद्दों पर रणनीति और झारखंड के बेहतर भविष्य के लिए व्यापक जनआंदोलन की रूपरेखा तय की जाएगी। साथ ही विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों से जुड़े बड़ी संख्या में युवाओं के आजसू में शामिल होने का भी दावा किया गया।
बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद पार्टी के प्रधान महासचिव रामचंद्र साहिश ने कहा कि झारखंड अपनी पहचान, युवाओं के रोजगार, किसानों के अधिकार और विकास जैसे मुद्दों पर गंभीर चुनौतियों का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा कि 7 और 8 अगस्त के कार्यक्रम केवल संगठनात्मक आयोजन नहीं, बल्कि झारखंड के स्वाभिमान, अधिकार और परिवर्तन का उद्घोष होंगे।
पार्टी के केंद्रीय सचिव चंद्रगुप्त सिंह ने कहा कि निर्मल महतो का बलिदान झारखंड की अस्मिता और अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आजसू उनके सपनों के झारखंड के निर्माण के लिए संघर्षरत है और सम्मेलन में कार्यकर्ता राज्यहित को सर्वोपरि रखते हुए संघर्ष और आंदोलन का संकल्प लेंगे।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने प्रदेश के सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, युवाओं और झारखंडवासियों से दोनों आयोजनों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाने का आह्वान किया। बैठक में सम्मेलन की तैयारियों एवं सफल आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा भी की गई।

