चेरियाबरियारपुर :-केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ महागठबंधन में शामिल घटक दलों के द्वारा गुरुवार को चेरियाबरियारपुर प्रखंड मुख्यालय में एक दिवसीय धरना दिया गया। धरना प्रदर्शन में
राजद,जदयू,कांग्रेस,सीपीआई, सीपीएम एवं भाकपा माले के दर्जनों कार्यकर्ता शामिल हुए.धरना में शामिल महागठबंधन के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
मौके पर धरना में शामिल नेताओं ने कहा कि यह धरना प्रदर्शन जाति आधारित जनगणना कराने,महंगाई एवं बेरोजगारी पर रोक लगाने,संवैधानिक संस्थाओं के दुरुपयोग के विरुद्ध,किसानों की आय दोगुनी करने,उन्माद की राजनीति पर रोक लगाने,दलित गरीबों की आवास एवं खाद्यान्न योजना को बंद करने की साजिश को बेनकाब करने एवं बिहार को विशेष राज्य का दर्जा की मांग को लेकर पूरे बिहार के प्रखंड मुख्यालय में एक साथ दिया जा रहा है ।
धरना को संबोधित करते हुए विधायक राजवंशी महतो ने केंद्र की मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बिहार में जाति आधारित जनगणना पर भाजपा के लोग साजिश के तहत रोक लगाने का प्रयास कर रहे हैं। जाति आधारित जनगणना होने से सरकारी योजनाओं का लाभ उचित लोगों तक पहुँचाना आसान हो सकता हैं। वहीँ उन्होंने कहा की देश में महंगाई और बेरोजगारी दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। लेकिन केंद्र सरकार इस पर रोक लगाने के लिए कोई पहल नहीं कर रही है। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए यह भी कहा की अब केंद्र सरकार केन्द्रीय जांच एजेंसियों को मोहरा बनाकर विपक्षी पार्टियों को डराने की कोशिश कर रही हैं जिससे लोकतंत्र को खतरा हो गया है।
वही पूर्व मंत्री मंजू वर्मा ने कहा की सरकार में आने से पहले भाजपा के द्वारा कई वादे किये गये थे जिनमें किसानों की आय दुगुनी करने का वादा किया गया था। लेकिन किसानों की आय बढाने की बजाय केंद्र सरकार तीन काला कानून ले आई, जो किसानों हित में नहीं थी। केंद्र सरकार अब गरीब दलित के बनायी गयी आवास योजना और खाद्यान योजना को बंद करने की साजिश कर रही हैं जिसे महागठबंधन बर्दाश्त नहीं करेगी ।
मौके पर राजद जिला प्रधान महासचिव रामसखा महतो , राजद नेता साहेब पासवान, राम पदारथ यादव ,भाकपा नेता राम पदारथ सिंह, संजीव सिंह, अर्जुन सिंह ,जदयू प्रखंड अध्यक्ष मोहम्मद जियाउल्लाह , कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष उदय सिंह , राजद प्रखंड अध्यक्ष सह सकरवासा मुखिया सुरेंद्र राम अन्य नेताओं ने कार्यक्रम को संबोधित किया

