रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में वर्ष 2021 में दर्ज आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण (एबेटमेंट टू सुसाइड) के चर्चित मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी गुड्डू कुमार उर्फ गुड्डू सिंह (40) को पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए जमालपुर के सतवाहिनी स्थित नर्सरी रोड, वार्ड संख्या-03 में छिपकर रह रहा था।
यह मामला 13 अगस्त 2021 को के.वी.वी. राव की लिखित शिकायत पर आदित्यपुर थाना कांड संख्या 280/2021 के तहत दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि उनके पुत्र के. सोमनाथ राव को लगातार मानसिक एवं शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया गया, जिसके कारण उन्होंने आत्महत्या जैसा कदम उठाया।
पुलिस जांच के दौरान बरामद सुसाइड नोट, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कुल आठ आरोपियों के विरुद्ध आरोप सत्य पाए गए। पुलिस के अनुसार, मृतक ने अपने हस्तलिखित सुसाइड नोट में आरोपियों द्वारा लगातार प्रताड़ित किए जाने का स्पष्ट उल्लेख किया था।
गिरफ्तार आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में भेजने के लिए न्यायालय में प्रस्तुत किया गया। वहीं, मामले में नामजद अन्य फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा।

