राष्ट्र संवाद संवाददाता
पश्चिमी सिंहभूम के सदर अस्पताल चाईबासा में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर और व्यवस्थित बनाने को लेकर शुक्रवार को उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अस्पताल की चिकित्सा व्यवस्था, विशेषज्ञ डॉक्टरों की उपलब्धता, उपकरणों, ब्लड बैंक संचालन और मूलभूत सुविधाओं की गहन समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों को समय पर उपस्थित होकर जिम्मेदारीपूर्वक कार्य करने तथा मरीजों और उनके परिजनों के साथ संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने अस्पताल परिसर में साफ-सफाई, पर्याप्त रोशनी, सीसीटीवी निगरानी, बिजली बैकअप और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर जोर दिया। साथ ही जांच रिपोर्ट वितरण के लिए अलग काउंटर, ड्यूटी रोस्टर का प्रदर्शन और स्वास्थ्य शिविरों की सूचना सार्वजनिक करने के निर्देश भी दिए गए। उपायुक्त ने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और मरीजों को बेहतर माहौल में इलाज मिलना सुनिश्चित किया जाएगा।

