राष्ट्र संवाद संवाददाता
चांडिल सरायकेला-खरसावां: जिले में उपयुक्त के निर्देश पर अवैध खनन एवं परिवहन के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में खनन विभाग और कपाली ओपी की संयुक्त टीम ने बुधवार देर रात कपाली ओपी क्षेत्र के पुडिसिली चौक में वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान बालू लदे ट्रेलर (संख्या JH01FQ5184) को रोका गया।
अधिकारियों ने वाहन चालक से बालू परिवहन से संबंधित वैध कागजात की मांग की, लेकिन चालक आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद टीम ने नियमानुसार वाहन को जब्त कर सुरक्षार्थ कपाली ओपी में रख दिया। मामले में आगे की विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है।
प्रशासन ने बताया कि प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण, राजस्व की सुरक्षा तथा अवैध परिवहन पर रोक लगाने के लिए जिले में नियमित रूप से जांच अभियान चलाए जा रहे हैं। उपायुक्त के निर्देश पर संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को अवैध परिवहन, भंडारण एवं अन्य गैरकानूनी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ त्वरित और कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।

