आशियाना अनंतरा सोसाइटी के दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। मानगो एनएच-33 स्थित आशियाना अनंतरा सोसाइटी के दुर्गा पूजा पंडाल का उद्घाटन मानगो के अंचलाधिकारी बृजेश श्रीवास्तव और घाटशिला के अंचलाधिकारी पवन कुमार ने संयुक्त रूप से नारियल फोड़कर और दीप प्रज्वलित कर किया।
सोसाइटी में नवरात्र के प्रथम दिन से ही कलश स्थापना के साथ सामूहिक संकल्प लेकर महिलाएं सुबह-शाम मां दुर्गा का पाठ कर रही हैं। सोसाइटी के अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि छह दिनों तक सामूहिक प्रसाद रूपी भोजन की व्यवस्था की गई है। महासप्तमी को कोलकाता के भूमि स्टार बैंड का सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा, जबकि महानवमी पर डांडिया नाइट आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब 400 महिलाएं भाग लेंगी।
उद्घाटन समारोह में विकास सिंह सहित सोसाइटी के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

