पिस्टल के साथ पकड़ा गया युवक भूमि माफियाओं का बढ़ता मनोबल चिंता का कारण
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर: जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र के एनएच-33 पर जमीन की घेराबंदी करने गए एक युवक को ग्रामीणों ने पकड़ा। ग्रामीणों ने युवक की जमकर पिटाई की। तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल बरामद हुई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गिरफ्तार कर बरामद पिस्टौल जब्त कर ली।
पुलिस ने गिरफ्तार युवक की पहचान आदि मिश्रा (मानगो निवासी) के रूप में की है। प्राथमिक पूछताछ में उसने जमीन पर कब्जा करने की नीयत और पिस्टल साथ रखने की बात स्वीकार की, लेकिन घटना के पीछे अन्य सहयोगियों या बड़े ताकतों के होने का खुलासा अभी नहीं हुआ है। पुलिस उसकी संलिप्तता और घटना के मकसद की गहनता से जांच कर रही है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि हाल के दिनों में ऐसे कई घटनाक्रम हुए हैं जिनमें बदमाश और कथित भूमि माफिया खुलेआम सक्रिय दिखते हैं। ग्रामीणों में भय के साथ-साथ यह भी चिंता दिख रही है कि भूमि विवाद को हथियारबंद तत्वों के जरिए अंजाम दिया जा रहा है — जिससे यह खतरा और बढ़ रहा है।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि पकड़े गए युवक से पूछताछ जारी है और आसपास के CCTV व अन्य साक्ष्यों की भी पड़ताल की जा रही है। जिले के वरिष्ठ अधिकारियों ने भी इस घटना को गंभीरता से लेते हुए जल्द कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। मामले में विस्तृत रिपोर्ट और आगे की कार्रवाई से जनता को अवगत कराया जाएगा।

