पाकुड़ में गांजा बेचते एक व्यक्ति गिरफ्तार, 51 ग्राम गांजा बरामद
राष्ट्र संवाद संवादाता
पाकुड़: जिले में नशीले पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। नगर थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए देवपुर काली मंदिर के पास से गांजा बेच रहे एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। उसके पास से कुल 51 ग्राम गांजा बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी इलाके में अवैध रूप से गांजा बेचने का काम कर रहा था। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और उसे रंगे हाथ पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 51 ग्राम गांजा बरामद हुआ, जिसे जब्त कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपी को गांजा कहां से प्राप्त होता था तथा इसके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

