जंबू अखाड़ा की भव्य कलश यात्रा में उमड़ा आस्था का सैलाब
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। पवित्र श्रावण मास की चौथी सोमवारी पर जंबू अखाड़ा समिति की ओर से रविवार को भव्य कलश यात्रा निकाली गई। मुख्य संरक्षक अमरप्रीत सिंह काले, संरक्षक बंटी सिंह और अध्यक्ष बृज किशोर सिंह के नेतृत्व में निकली यात्रा में 5001 से अधिक महिला कलश यात्रियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। श्रद्धालुओं ने स्वर्णरेखा नदी से जल भरकर संकल्प लिया और मानगो बड़ा गोलचक्कर, एमजीएम, अपेक्स अस्पताल व कुम्हारपाड़ा होते हुए जंबू अखाड़ा स्थित श्रीश्री लिंगेश्वरनाथ मंदिर पहुंचकर बाबा का जलाभिषेक किया।

कलश यात्रा में डंका-ताशा, सिंग बाजा और डीजे के साथ विभिन्न धार्मिक झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। अर्धनारीश्वर, रामेश्वरम में भगवान राम द्वारा शिवलिंग निर्माण तथा महाकाल भस्म आरती की झांकियों ने श्रद्धालुओं का ध्यान खींचा। भजन मंडली ने भक्ति गीतों की प्रस्तुति दी।
मंदिर समिति की ओर से जलाभिषेक के लिए अरघा की विशेष व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं के बीच सेव, बुंदिया और केला का प्रसाद वितरित किया गया। शीतल जल और चाय की भी व्यवस्था रही। यात्रा में भाजपा प्रवक्ता अमरप्रीत सिंह काले, समाजसेवी शिवशंकर सिंह, पप्पू सिंह, राजेश सिंह बम, परशुराम सिंह, पूर्व सांसद सुमन महतो, महाबीर मुर्मू, गोल्डी तिवारी, यातायात आरक्षी अधीक्षक राजीव सिंह, कमलजीत गिल सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में अखाड़ा समिति के सदस्यों, महिला टीम, प्रशासन और मीडिया का सहयोग रहा।

