भुइयांडीह छाया नगर में टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, दमकल की तत्परता से टली बड़ी दुर्घटना
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर :सीतारामडेरा थाना क्षेत्र के भुइयांडीह छाया नगर स्थित नंदन टेंट हाउस के गोदाम में रविवार को अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की तेज लपटों और घने धुएं के कारण आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी, जिससे समय रहते राहत कार्य शुरू हो सका।
सूचना मिलते ही टाटा स्टील की एक तथा झारखंड सरकार की दो दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग बुझाने का अभियान शुरू किया और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता तो आसपास के मकानों और दुकानों तक आग फैलने की आशंका बनी हुई थी, जिससे बड़ा हादसा हो सकता था।
घटना की जानकारी देते हुए सीतारामडेरा थाना प्रभारी निरंजन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारण जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।
फिलहाल आग से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि गोदाम में रखे टेंट, कपड़े और अन्य सामग्री जलकर नष्ट हो गई है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


