रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ कोल्हान)
आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र अंतर्गत वार्ड संख्या 23, कल्पनापुरी में खुले नाले में गिरने की एक गंभीर घटना सामने आई है। यह नाला नगर निगम कार्यालय के समीप स्थित है। जानकारी के अनुसार नशे में धुत एक व्यक्ति नाले के किनारे से गुजर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह सीधे गहरे और चौड़े नाले में जा गिरा। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए। नाला गहरा होने और उसमें गंदा पानी व कचरा बहने के कारण व्यक्ति को बाहर निकालना बेहद मुश्किल हो गया था। कुछ देर तक वह नाले में फंसा रहा, जिससे स्थिति और चिंताजनक हो गई। स्थानीय निवासी चंदन कुमार और अन्य लोगों ने तत्परता दिखाते हुए रस्सी की व्यवस्था की और काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित बाहर निकाला। बाहर निकालने के बाद व्यक्ति की हालत सामान्य पाई गई। उसे हल्की चोटें आई हैं, लेकिन किसी गंभीर क्षति की सूचना नहीं है। समाचार लिखे जाने तक उसकी पहचान नहीं हो सकी थी। स्थानीय लोगों ने घटना को लेकर नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि नाले पर ढक्कन नहीं होने और पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के अभाव में कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द नाले का निर्माण कार्य पूरा कर उसे ढका जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

