रिपोर्ट – अमन ओझा (ब्यूरो चीफ, कोल्हान)
सरायकेला-खरसावां जिला के आदित्यपुर स्थित वार्ड संख्या 17 में चुनावी माहौल पूरी तरह गरमा गया है। वार्ड के जेएस टावर परिसर में आयोजित एक भव्य बैठक में सैकड़ों की संख्या में ग्रामीणों और वार्डवासियों ने भाग लिया। बैठक में उपस्थित लोगों ने एकजुट होकर प्रत्याशी नीतू शर्मा को पुनः भारी बहुमत से विजयी बनाने का संकल्प लिया। पूरे कार्यक्रम के दौरान मतदाताओं में जबरदस्त उत्साह और एकता देखने को मिली, जिससे स्पष्ट संकेत मिला कि वार्ड में चुनावी हवा किस दिशा में बह रही है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि नीतू शर्मा ने अपने कार्यकाल में वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सड़क, नाली, जलापूर्ति, स्वच्छता और अन्य बुनियादी सुविधाओं के सुधार में उल्लेखनीय पहल की है। उन्होंने हर वर्ग—महिला, युवा, बुजुर्ग और जरूरतमंद—के साथ लगातार संवाद बनाए रखा और हर सुख-दुख में साथ खड़ी रहीं। मतदाताओं ने कहा कि ऐसा जनप्रतिनिधि जो हर समय जनता के बीच मौजूद रहे और समस्याओं के समाधान के लिए तत्पर रहे, वही सच्चे मायनों में वार्ड का नेतृत्व करने योग्य है। सभा में मौजूद लोगों ने एक स्वर में कहा कि इस बार भी वार्ड 17 में विकास की जीत होगी और नीतू शर्मा के सिर पर दोबारा जीत का ताज सजाया जाएगा। मतदाताओं ने भरोसा जताया कि उनके नेतृत्व में वार्ड का सर्वांगीण विकास निरंतर जारी रहेगा और पूर्ण बहुमत से उन्हें विजयी बनाकर जनता अपना आशीर्वाद देगी।

