अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जयंती पर भव्य समारोह
स्त्री राष्ट्र की आधार शक्ति द्वारा होगा आयोजन
राष्ट्र संवाद संवाददाता
‘स्त्री राष्ट्र की आधार शक्ति’ द्वारा पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर जी की 300वीं जयंती के उपलक्ष्य में एक भव्य समारोह का आयोजन किया जा रहा है। यह कार्यक्रम दिनांक 4 मई 2025 को संध्या 5 बजे से मोतीलाल नेहरू पब्लिक स्कूल, जमशेदपुर के प्रेक्षागृह में संपन्न होगा।
इस अवसर पर कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. विकास दवे (निदेशक, मध्यप्रदेश साहित्य अकादमी एवं ‘देवपुत्र’ बाल मासिक के संपादक) उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता श्रीमती संगीता बेहरा, प्रख्यात सामाजिक कार्यकर्ता एवं उत्कृष्ट शिक्षाविद्, करेंगी।
‘स्त्री राष्ट्र की आधार शक्ति’ की अध्यक्ष डॉ. रागिनी भूषण ने जानकारी दी कि यह समारोह राष्ट्र सेविका समिति की प्रेरणा से आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य नगरवासियों को पुण्यश्लोक अहिल्याबाई होलकर जी के जीवन, कार्य और उनके आदर्शों से परिचित कराना तथा उनके प्रेरणादायक व्यक्तित्व से जनसमुदाय को प्रेरित करना है। समारोह में जमशेदपुर शहर के सभी नागरिकों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।
अहिल्याबाई होलकर जी के जीवन मूल्यों — सेवा, न्यायप्रियता, सदाचार और राष्ट्रभक्ति — को जनमानस में पुनः जागृत करने के लिए यह आयोजन महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में न्यास की अध्यक्ष डाक्टर रागिनी भूषण, मन्त्री श्रीमती मंजू सिंह,श्रीमती सुधा प्रजापति,श्रीमती चंचला सिन्हा,श्रीमती अनिता प्रसाद,श्रीमती प्रिया सिंह श्रीमती अपर्णा सिंह ,श्रीमती संध्या सिंह आदि न्यास की प्रमुख स्त्री शक्ति उपस्थित रहीं