साकची में ऑटो चालक और गुलगुलिया समूह के बीच भिड़ंत, देर शाम अफरा-तफरी का माहौल
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर ।साकची थाना क्षेत्र के बिरसा मुंडा स्टैचू के समीप गुरुवार देर शाम उस समय हड़कंप मच गया जब एक ऑटो चालक और सड़क किनारे रह रहे गुलगुलिया समुदाय के लोगों के बीच जमकर मारपीट हो गई। अचानक हुई इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मामूली विवाद ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया। मौके पर ट्रैफिक पुलिस मौजूद थी, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद गुलगुलिया समूहों का उत्पात शांत नहीं हुआ। अंततः ऑटो चालक अपनी गाड़ी लेकर वहां से किसी तरह भाग निकला।
करीब एक घंटे तक सड़क के बीचोंबीच गुलगुलिया समूहों का आतंक बना रहा, जिससे यातायात भी प्रभावित हुआ। फिलहाल इस घटना को लेकर कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं की गई है, लेकिन स्थानीय लोगों ने चिंता जताई है कि यदि समय रहते प्रशासन ने सख्ती नहीं दिखाई तो भविष्य में हालात और बिगड़ सकते हैं।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और ऐसे असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने की मांग की है।

