बिरसानगर जोन नंबर तीन में 20 फीट का अजगर मिलने से मचा हड़कंप, देखने उमड़ी भीड़
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर।जमशेदपुर के बिरसानगर जोन नंबर तीन स्थित पुलिया के पास उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब बस्ती इलाके में करीब 20 फीट लंबा विशाल अजगर सांप दिखाई दिया। अजगर को देखकर स्थानीय लोग हैरान रह गए, क्योंकि इससे पहले इस इलाके में इतना बड़ा सांप कभी नहीं देखा गया था।
अजगर की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों की भारी भीड़ मौके पर जमा हो गई। स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों ने तुरंत स्नैक कैचर को फोन कर बुलाया। कड़ी मशक्कत के बाद स्नैक कैचर ने सुरक्षित तरीके से अजगर को काबू में किया।
स्नैक कैचर द्वारा अजगर को पकड़ने के बाद उसे शहर से दूर घने जंगल में छोड़ने की प्रक्रिया अपनाई गई। शहर में सक्रिय स्नैक कैचर किसी भी इलाके में सांप निकलने पर उसे सुरक्षित पकड़कर जंगल में छोड़ने का काम करते हैं। हालांकि, बस्ती क्षेत्र में 20 फीट लंबे अजगर की मौजूदगी ने सभी को चौंका दिया और यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी रही।

