जादूगोड़ा में 10 वर्षीय बच्ची की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, क्षेत्र में शोक की लहर
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जादूगोड़ा। जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के धर्मडीह निवासी घासीराम मारडी और यूसीआईएल में नर्स अनीता मार्डी की 10 वर्षीय बेटी रश्मि मार्डी की शनिवार को घर पर ही रहस्यमयी परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है और क्षेत्र में शोक की लहर है।
मृतका की मां अनीता मार्डी ने बताया कि वह और उनके पति खेत में काम कर रहे थे। घर पर रश्मि और उसके दो भाई-बहन अकेले थे। लौटने पर उन्होंने देखा कि रश्मि चुनरी के सहारे घर में लगे लोहे के पाइप में फंसी हुई थी। परिजनों का अनुमान है कि बच्ची संभवतः झूला झूलने के लिए चुनरी बांध रही थी, तभी उसका गला फंस गया और उसकी मौत हो गई।
परिजन उसे जादूगोड़ा यूसीआईएल अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल और एसआई अनंत मरांडी अस्पताल पहुंचे और फिर घर जाकर घटनास्थल की जांच की। थाना प्रभारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला दुर्घटना का प्रतीत होता है, हालांकि विस्तृत जांच जारी है।
रश्मि अपने माता-पिता, एक बहन और दो भाइयों के साथ रहती थी। अचानक हुए इस दर्दनाक हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

