लखनऊ। सूबे के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट की बैठक में उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ, आगरा, मथुरा और प्रयागराज में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इन शहरों में हेलीकाप्टर सेवा शुरू करने को मंजूरी दे दी है। बताया जा रहा है कि हेलीकाप्टर सेवा के संचालन के लिए इन शहरों में हेलीपोर्ट विकसित किये जाएंगे। कैबिनेट बैठक के बाद पर्यटन मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि राजधानी लखनऊ में रमाबाई अंबेडकर स्थल के सामने बने पक्के हैलीपैड और उससे जुड़ी अन्य सुविधाओं को पर्यटन विकास की दृष्टि से पर्यटन विभाग को सौंपने का कैबिनेट ने निर्णय किया है। इस हैलीपैड को हेलीपोर्ट के रूप में विकसित किया जाएगा और यहां पर्यटकों के लिए सुविधाएं विकसित की जाएंगी। लखनऊ में हेलीपोर्ट की सुविधा से देशी-विदेशी पर्यटकों का अनुभव बेहतर होगा। सैलानियों की संख्या बढ़ेगी। स्थानीय स्तर पर विभिन्न गतिवधियों में वृद्धि होगी। रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। पर्यटन मंत्री के अनुसार आगरा, मथुरा, प्रयागराज में सार्वजनिक निजी सहभागिता (पीपीपी) के आधार पर हेलीपोर्ट विकसित करने के प्रस्ताव पर कैबिनेट ने मुहर लगा दी है। हेलीपोर्ट का निर्माण पीपीपी माडल पर निजी निवेशकों के माध्यम से कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि हेलीपोर्ट निर्माण के लिए तीनों शहरों में भूमि चिन्हित की जा चुकी है। पांच-पांच करोड़ रुपये की धनराशि भी उपलब्ध कराई जा चुकी है। उन्होंने बताया कि विभिन्न पर्यटन स्थलों को वायुमार्ग से जोड़ने तथा जॉय राइड के लिए हेलीपोर्ट के महत्व को देखते हुए पहले चरण में प्रदेश के सर्वाधिक महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों आगरा, मथुरा, प्रयागराज व लखनऊ में हेलीपोर्ट के निर्माण की पहल की गई है। अगले चरण में प्रदेश के अन्य प्रमुख पर्यटन स्थलों पर हेलीपैड/हेलीपोर्ट का निर्माण प्राथमिकता के अनुसार किया जाएगा।

