पवित्र त्यौहार ईद उल फितर के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने का निदेश
संवाददाता
जामताड़ा: उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी, जामताड़ा फ़ैज अक अहमद मुमताज ने सभी प्रखंडों के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी एवं सभी थाना प्रभारी से पत्राचार कर कोविड-19 के प्रसार को देखते हुए सरकार द्वारा जारी वर्तमान दिशा-निर्देशों के आलोक में द0प्र0स0 की धारा 144 के तहत जारी निषेधाज्ञा आदेश का सख्ती से अनुपालन कराने हेतु निदेश दिया गया। जिसके अनुसार धार्मिक जुलूसों, सहित सभी प्रकार के जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों जिसमें लोगों का समुदाय समागम होता है को निषिद्ध किया गया है।निर्गत पत्र में कहा गया है कि चूंकि दिनांक 14 मई 2021 को ईद उल फितर का त्यौहार मनाये जाने की सूचना है। इस अवसर पर यह सुनिश्चित किया जाय कि लोग घरों पर रहकर ही त्यौहार मनायें|उपरोक्त परिप्रेक्ष्य में संबंधित पदाधिकारियों को निदेश दिया गया है कि अपने अपने प्रखंड, अंचल एवं थाना क्षेत्र में कोविड प्रसारण रोकने हेतु सरकार द्वारा जारी आदेश तथा निषेधाज्ञा आदेश का अनुपालन सुनिश्चित करायें साथ ही अति संवेदनशील स्थानों को चिन्हित कर अपने स्तर से दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करते हुए आदेश अनुमोदन हेतु अनुमंडल पदाधिकारी जामताड़ा को उपलब्ध कराएंगे।

