जन स्वास्थ्य सर्वे के माध्यम से लोगों का किया जाएगा स्वास्थ्य परीक्षण:- उपायुक्त श्रीमती नैंसी सहाय
जिला स्तर पर चलाए वृहत जागरूकता अभियान:- उपायुक्त
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्रीमती नैंसी सहाय के द्वारा अध्यक्षता में आज दिनांक 15.06.2020 को स्वास्थ्य विभाग, पल्स पोलियो एवं समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गयी। समीक्षा के दौरान उपायुक्त द्वारा सिविल सर्जन एवं सभी प्रखंडों के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि दिनांक-18.06.2020 से 25.06.2020 तक गहन जन स्वास्थ्य सर्वे सप्ताह का आयोजन किया जाना है। ऐसे में इस हेतु आवश्यक है कि आप सभी इसका व्यापक स्तर पर तैयारी कर लें, ताकि सफलतापूर्वक गहन जन स्वास्थ्य सर्वे सफ्ताह का आयोजन किया जा सके। उनके द्वारा आगे जानकारी दी गयी कि दिनांक-18.06.2020 से शुरू हो रहे इस अभियान के तहत सहिया, सखी मंडल के सदस्यों द्वारा देवघर जिला अंतर्गत सभी गांवों के हर एक घर का भ्रमण कर 40 वर्ष से अधिक एवं 0से 5 वर्ष के बच्चों की सूची तैयार किया जायेगा एवं इस हेतु घर-घर सर्वे का कार्य तीन दिनों तक चलेगा। तत्पश्चात दिनांक-22.06.2020 से 24.06.2020 तक स्क्रीनिंग का कार्य किया जायेगा एवं 40 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों के स्वास्थ्य की गहन जाँच की जाएगी। साथ हीं स्क्रीनिंग के दरम्यान 40 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्तियों में उच्च रक्त चाप, डायबिटीज, सांस संबंधी बीमारी एवं टी.वी. के संदेहास्पद मामले, लिवर संबंधी समस्या, मुख का कैंसर, कुष्ठ रोग, अत्यधिक मोटापा आदि की भी जांच की जाएगी, ताकि उसके आधार पर तत्संबंधी स्वास्थ्य आंकड़ा तैयार किया जा सके।
इस दौरान उपायुक्त द्वारा कहा गया कि कोरोना संक्रमण के इस काल मे इस अभियान का काफी महत्व है। शहरी क्षेत्र में आंगनबाड़ी सेविका द्वारा एवं ग्रामीण क्षेत्रो में सहिया एवं सखी मंडल के दीदियों द्वारा घर-घर जाकर सर्वे कराया जाना है, ताकि उस आधार पर लोगों के स्वास्थ्य संबंधी आंकड़ा तैयार किया जा सके। तत्पश्चात उपायुक्त ने सिविल सर्जन को निदेशित किया कि सभी स्वास्थ्य कर्मी जिनके द्वारा सर्वेक्षण का कार्य किया जाना है, उन्हें सर्वप्रथम कोरोना संक्रमण से बचाव की जानकारी देते हुए इस संबंध में प्रशिक्षित किया जाय। साथ हीं लोगो को कोरोना के भय से मुक्त करने हेतु भी व्यापक स्तर पर जागरूकता अभियान चलाया जाय एवं लोगो को बताया जाय कि कोरोना से घबराना नही है बल्कि हम सभी को इसका डट कर सामना करना है तभी जाकर इस पर विजय प्राप्त किया जा सकता है। इस हेतु हम सभी लोगों को चाहिए कि हम अपने दैनिक जीवन मे मास्क, सैनिटाइजर, सामाजिक दूरी का पालन करते हुए अपने एवं अपने सगे संबंधियों को स्वस्थ रख सकते हैं। तत्पश्चात उपायुक्त द्वारा सिविल सर्जन व सभी प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी को निदेशित किया गया कि उनके द्वारा प्रखंड विकास पदाधिकारी से समन्वय स्थापित करते हुए प्रखंड स्तर पर अन्य संबंधित कर्मियों के साथ बैठक कर सभी को उचित दिशा निर्देश दिया जाय। इसके अलावा उपायुक्त द्वारा जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, स्वास्थ्य विभाग को निदेशित किया गया कि गहन जन स्वास्थ्य सर्वे अभियान का व्यापक प्रचार प्रसार करवाया जाय एवं दीवार लेखन, माईकिंग, प्रचार-प्रसार सामाग्री का वितरण, बैनर पोस्टर आदि के माध्यम से लोगों तक पहुँचना सुनिश्चित किया जाय। साथ हीं उपायुक्त द्वारा गहन जन स्वास्थ्य सर्वे अभियान के साथ-साथ डेंगू की चिकनगुनिया के प्रभाव से लोगो को बचाने हेतु सर्वे कराने का निदेश संबंधित चिकित्सा अधिकारी को दिया गया एवं कहा गया कि यदि कोई शहरी या ग्रामीण क्षेत्र इससे प्रभावित मिलता है तो वहाँ पर निगम के साथ समन्वय स्थापित कर फाॅगिंग व ब्लिचिंग पाउडर का छिड़काव आदि करवाया जाय।
बैठक के दौरान उपायुक्त द्वारा प्रखण्डवार संस्थागत प्रसव की समीक्षा करते हुए सभी संबंधित चिकित्सकों एवं संबंधित विभाग के अधिकारियों को निदेशित किया गया कि सभी अपने-अपने क्षेत्र में गर्भवती महिलाओं की सूची तैयार कर लें तथा उन सभी के प्रसव के उपरांत सभी का शत प्रतिशत आंकड़ा तैयार करा लें। साथ हीं उपायुक्त द्वारा इस दौरान जिले में जन्म लेने वाले नवजात शिशुओं को 1 घंटा के अंदर माता का दूध पिलाना, टीकाकरण एवं अन्य सारी सुविधाएँ नवजात बच्चे को उपलब्ध करायी जाने वाली सुविधाओं आदि के बारे में जानकारी लेते हुए कहा गया कि हर-हाल में नवजात शिशुओं को सभी आवश्यक सुविधा मुहैया कराया जाय। साथ हीं उपायुक्त द्वारा सभी स्वास्थ्य कर्मचारियों व अधिकारियों से कहा गया कि हम सभी के स्वास्थ्य की रक्षा करना हमारी जिम्मेवारी व कर्तव्य है। इसके लिए पूरी तत्परता से हम सभी को मिलकर कार्य करना होगा एवं राज्य सरकार, भारत सरकार व डब्ल्यूएचओ से संचालित विभिन्न स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को धरातल पर सुदृढ़ तरीके से उतारने हेतु हम सभी को मिलकर पूरे तत्परता के साथ कार्य करना होगा, ताकि इससे अधिक से अधिक लोग आच्छादित हो सके।
*बैठक में उपरोक्त के अलावे* सिविल सर्जन डाॅ विजय कुमार, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती अनिता कुजूर, सभी प्रखण्ड के प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी एवं स्वास्थ्य कर्मी आदि उपस्थित थे।

