141 मरीजों की हुई निशुल्क नेत्र जांच, 110 में मोतियाबिंद की पुष्टि
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
माताजी आश्रम, हाता में रविवार को रामकृष्ण मिशन, जमशेदपुर और पूर्णिमा नेत्रालय, जमशेदपुर के संयुक्त तत्वावधान में एक दिवसीय निशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन माताजी आश्रम के ट्रस्टी दुलाल मुखर्जी एवं संचालक सुनील कुमार दे ने संयुक्त रूप से धूप-दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में पोटका, राजनगर, सरायकेला, जमशेदपुर और बहरागोड़ा सहित विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे कुल 141 मरीजों की निशुल्क नेत्र जांच की गई। जांच के दौरान 110 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इन सभी मरीजों का पूर्णिमा नेत्रालय में निशुल्क ऑपरेशन किया जाएगा। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 3 दिसंबर 2026 को 57 तथा 4 दिसंबर को 53 मरीजों का ऑपरेशन होगा। दोनों दिन दोपहर 12 बजे माताजी आश्रम से मिशन की गाड़ी द्वारा मरीजों को अस्पताल ले जाया जाएगा।
शिविर को सफल बनाने में पूर्णिमा नेत्रालय की ओर से सैला, चंपा और नीलिमा तथा रामकृष्ण मिशन की ओर से पशुपति महतो, फटिक चंद्र महतो एवं विवेक महापात्र का योगदान रहा।
इस अवसर पर माताजी आश्रम की ओर से दुलाल मुखर्जी, सुनील कुमार दे, शंकर चंद्र गोप, कृष्णकांत मंडल, राजकुमार साव, रामकृष्ण सरदार, विश्वामित्र खण्डायैत सहित अन्य लोग उपस्थित थे।

