मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सहयोग से पूरी हुई माझी परगना महाल की वर्षों पुरानी मांग” : संजीव सरदार
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
पोटका प्रखंड की मानपुर पंचायत अंतर्गत सावनाडीह में झारखंड सरकार के कल्याण विभाग की ओर से 2.98 करोड़ रुपये की लागत से माझी परगना हाउस, बहुउद्देश्यीय कला-संस्कृति सह धुमकुड़िया भवन का निर्माण कराया जाएगा। रविवार को विधायक संजीव सरदार एवं माझी परगना महाल के सामाजिक कार्यकर्ताओं ने पूजा-अर्चना कर निर्माण कार्य का शिलान्यास किया।
*लंबे समय से की जा रही थी भवन निर्माण की मांग*
विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पोटका में सामाजिक कार्यों के संचालन के लिए माझी परगना महाल लंबे समय से भवन की मांग कर रहा था। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के सहयोग से यह मांग पूरी हो रही है। उन्होंने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार ने आदिवासी-मूलवासियों के हित में अपेक्षित काम नहीं किया, जबकि वर्तमान सरकार उनकी समस्याओं और जरूरतों को समझती है।
*सामाजिक व्यवस्था और परंपराओं को मिलेगा बढ़ावा*
विधायक ने कहा कि करीब तीन करोड़ रुपये से बनने वाला यह भवन सामाजिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा। यहां समाज के लोग एक छत के नीचे बैठकर परंपरा, सामाजिक व्यवस्था और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्य कर सकेंगे। उन्होंने ग्रामीणों की मांग के अनुरूप जरूरत वाले क्षेत्रों में पीढ़ा-पुड़सी भवन निर्माण कराने का भी भरोसा दिया।
*शहीद पार्क का होगा निर्माण, सामाजिक कार्यों के लिए मिलेगा वाहन*
विधायक ने घोषणा की कि भवन निर्माण पूरा होने के बाद परिसर में शहीद पार्क बनाया जाएगा। सामाजिक कार्यों के संचालन के लिए विधायक निधि से एक वाहन भी उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने युवाओं से नशापान से दूर रहकर शिक्षा ग्रहण करने और सामाजिक परंपराओं से जुड़ने की अपील की। कहा कि शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से ही क्षेत्र का वास्तविक विकास संभव है।
*माझी परगना महाल के प्रतिनिधि रहे उपस्थित*
शिलान्यास कार्यक्रम में पुनता माझी, मानिकचंद मुर्मू, सुशील हांसदा, हरिपदो मुर्मू, लेदेम किस्कू, दिकु मुर्मू, शत्रुघन मुर्मू, दासमत मुर्मू, मुखिया बाघराय सोरेन, पूर्व पार्षद हीरामनी मुर्मू, चंद्रावती महतो, झामुमो नेता सुनील महतो, सुधीर सोरेन, भुवनेश्वर सरदार, बीरेन पात्र, चक्रधर महतो आदि उपस्थित थे.

