सरायकेला में गुरुकुल वर्ल्ड पब्लिक स्कूल का भूमि पूजन
*ग्रामीण बच्चों को मिलेगी गुणवत्तापूर्ण अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा; आधुनिक शिक्षा के साथ भारतीय संस्कार, अनुशासन और चरित्र निर्माण पर रहेगा जोर*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, सरायकेला
सरायकेला के साहेबगंज में रविवार को गुरुकुल वर्ल्ड पब्लिक स्कूल एकेडमी के प्रस्तावित भवन निर्माण को लेकर वैदिक मंत्रोच्चार एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ भूमि पूजन किया गया। स्कूल के चेयरमैन गोकुल कुमार और उनकी धर्म पत्नी रेणु कुमार ने स्कूल की आधारशिला रखी।
विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, संस्थान का मुख्य उद्देश्य सरायकेला एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समग्र अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा उपलब्ध कराना है। विद्यालय में आधुनिक शिक्षण पद्धति के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों, अनुशासन, रचनात्मकता और व्यक्तित्व विकास को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
प्रस्तावित विद्यालय परिसर में विशाल कक्षाओं के अलावा विज्ञान एवं कंप्यूटर प्रयोगशाला, पुस्तकालय, खेलकूद की सुविधाएं तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए आवश्यक शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की योजना है। प्रबंधन का लक्ष्य बच्चों को सुरक्षित, समावेशी और प्रेरणादायक शैक्षणिक वातावरण प्रदान करना है।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि उनका सपना ऐसा शिक्षण संस्थान स्थापित करना है, जहां प्रत्येक बच्चे को अपनी प्रतिभा पहचानने, आत्मविश्वास विकसित करने और एक जिम्मेदार नागरिक बनने का अवसर मिले। शिक्षा केवल शैक्षणिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि बच्चों के चरित्र निर्माण, संस्कार और जीवन की मजबूत नींव तैयार करने का माध्यम भी बननी चाहिए।
शिलान्यास समारोह में साहेबगंज ग्राम प्रधान धीरेन महतो, बड़ा खांखड़ा मुखिया मीना देवी, बड़ा खांखड़ा ग्राम प्रधान बालक दास महतो, दुलाल सरदार, स्कूल प्रिसिंपल सतपाल कौर, शिक्षक गण, आमंत्रित ग्रामीण आदि उपस्थित थे।

