लोकसभा सीटों में 50% बढ़ोतरी का प्रस्ताव, 850 तक होगी संख्या
महिला आरक्षण लागू करने के लिए परिसीमन (द्वितीय) विधेयक लाने की तैयारी, राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे में नहीं होगा बदलाव
राष्ट्र संवाद संवाददाता
केंद्र सरकार 30 नवंबर से शुरू हो रही संसद की बैठक में महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयक पेश करने की तैयारी में है। प्रस्तावित व्यवस्था के तहत लोकसभा सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 की जाएगी, जिसमें राज्यों की 835 और केंद्र शासित प्रदेशों की 15 सीटें होंगी। इसका उद्देश्य संविधान के अनुच्छेद 334A के तहत महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को जल्द लागू करना है।
प्रस्ताव के अनुसार, लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत की समान वृद्धि की जाएगी। राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे के लिए 1971 की जनगणना को आधार बनाए रखने का प्रावधान है, जिससे राज्यों के आनुपातिक प्रतिनिधित्व में बदलाव नहीं होगा। नए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं 2051 तक स्थिर रखने का प्रस्ताव है।
महिला आरक्षण शुरुआती 15 वर्षों के लिए लागू रहेगा और आरक्षित सीटों को बारी-बारी से बदला जाएगा। नए विधेयक में प्रावधानों को अलग-अलग रखा गया है। लोकसभा में लंबित परिसीमन विधेयक, 2026 को वापस लेकर उसकी जगह परिसीमन (द्वितीय) विधेयक, 2026 लाने का प्रस्ताव है।
लोकसभा की कार्यवाही 30 नवंबर से 3 दिसंबर तक और राज्यसभा की बैठक 2 व 3 दिसंबर को चलेगी। प्रस्तावित विधेयकों पर संसद में चर्चा और मतदान होने की संभावना है।

