टाटा मोटर्स कर्मचारी की मौत के बाद मुआवजे और नौकरी की मांग तेज, झामुमो ने किया कंपनी सातो गेट जाम
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। टाटा मोटर्स कंपनी में कार्य के दौरान दुर्घटना में घायल हुए स्थायी कर्मचारी सुबोध पात्रो की इलाज के दौरान मौत के बाद मुआवजे और आश्रित को नौकरी देने का मामला तूल पकड़ने लगा है। अपनी मांगों को लेकर मृतक के परिजन पिछले चार दिनों से कंपनी गेट पर धरना दे रहे हैं। बुधवार को झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की जिला कमेटी ने भी परिजनों के समर्थन में आंदोलन शुरू करते हुए कंपनी के सभी सातों गेट जाम कर दिया। इसके कारण कंपनी में कर्मचारियों और अन्य लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
जानकारी के अनुसार, सुबोध पात्रो टाटा मोटर्स में स्थायी कर्मचारी के रूप में कार्यरत थे। बीते दिनों कंपनी परिसर में काम करने के दौरान वे दुर्घटना के शिकार हो गए थे। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद से ही परिवार कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे और मृतक के एक आश्रित को स्थायी नौकरी देने की मांग कर रहा है।
इसी मांग को लेकर परिजन लगातार धरने पर बैठे हैं। बुधवार को झामुमो जिला कमेटी ने आंदोलन को समर्थन देते हुए कंपनी गेट पर प्रदर्शन किया और आवागमन बाधित कर दिया।
झामुमो जिलाध्यक्ष ने बताया कि मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता हुई थी, लेकिन कोई सहमति नहीं बन सकी। वार्ता विफल होने के बाद गेट जाम करने का निर्णय लिया गया।
वहीं, मृतक के पुत्र सहदेव पात्रो ने कहा कि कंपनी प्रबंधन उनके पिता की जमा पूंजी के रूप में लगभग 70 लाख रुपये देने की बात कह रहा है, लेकिन परिवार की प्राथमिक मांग आश्रित को स्थायी नौकरी देने की है। जब तक मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं होता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।