
देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशक और पुस्तक विक्रेता होंगे शामिल।
जमशेदपुर। टैगोर सोसाइटी की ओर से 40वां जमशेदपुर पुस्तक मेला 20 से 29 नवंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। साकची स्थित रवींद्र भवन परिसर में आयोजित होने वाले इस दस दिवसीय पुस्तक मेले में देशभर के प्रतिष्ठित प्रकाशक, पुस्तक विक्रेता, साहित्यकार, बुद्धिजीवी और पुस्तक प्रेमी शामिल होंगे। बुधवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में टैगोर सोसाइटी के पदाधिकारियों ने मेले की तैयारियों की जानकारी दी।टैगोर सोसाइटी के महासचिव आशीष चौधरी ने बताया कि इस वर्ष मेले में देश के विभिन्न शहरों, खासकर दिल्ली, कोलकाता, मुंबई और पटना के प्रमुख प्रकाशक एवं पुस्तक वितरक अपनी नवीनतम पुस्तकों के साथ शामिल होंगे। मेले में हिंदी, अंग्रेजी, बांग्ला, उर्दू और गुरुमुखी के अलावा संथाली, हो और कुड़माली जैसी क्षेत्रीय एवं जनजातीय भाषाओं की पुस्तकें भी उपलब्ध रहेंगी। साहित्य, शिक्षा, विज्ञान, इतिहास, संस्कृति और बाल साहित्य समेत विभिन्न विषयों की पुस्तकों का विशाल संग्रह पाठकों को मिलेगा।उन्होंने बताया कि पुस्तक मेले के दौरान वाद-विवाद, भाषण (एलोक्यूशन) और चित्रकला सहित विभिन्न साहित्यिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनके माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा, ज्ञान और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।आम लोगों की सहभागिता बढ़ाने के लिए प्रवेश टिकट का मूल्य पिछले वर्ष के समान रखा गया है। वहीं, युवा पीढ़ी में पढ़ने की आदत विकसित करने के उद्देश्य से स्कूली विद्यार्थियों के बीच 30 हजार से अधिक नि:शुल्क प्रवेश पास वितरित किए गए हैं।टैगोर सोसाइटी के अध्यक्ष एचएस पाल ने कहा कि डिजिटल युग में सोशल मीडिया और इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों का महत्व बढ़ा है, लेकिन व्यापक, प्रामाणिक और विश्वसनीय जानकारी के लिए पुस्तकों का महत्व आज भी कायम है। पढ़ने की आदत व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता विकसित करने के साथ उसके दृष्टिकोण को व्यापक बनाती है और जागरूक समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाती है।उन्होंने कहा कि छोटे स्तर से शुरू हुआ जमशेदपुर पुस्तक मेला आज शहर के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में शामिल हो चुका है। जमशेदपुर बुक फेयर कमेटी के चेयरमैन पार्थ सारथी सेन ने युवाओं से मोबाइल और डिजिटल माध्यमों पर अत्यधिक समय बिताने के बजाय पुस्तकों को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने की अपील की। उन्होंने शहरवासियों, कॉरपोरेट घरानों, विद्यालयों और पुस्तकालयों से भी मेले में भागीदारी करने तथा पुस्तक संस्कृति को बढ़ावा देने का आग्रह किया।

