
लेखक: देवानंद सिंह
संघ की सौ वर्षीय साधना और प्रचारकों का समर्पण राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने नागपुर नागरिक सहकारी बैंक के मुख्यालय एवं सभागार के उद्घाटन समारोह में संघ की कार्यपद्धति, प्रचारकों के त्याग और व्यक्ति निर्माण के महत्व पर जो विचार रखे, वे केवल संघ की आंतरिक कार्यशैली तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और राष्ट्र निर्माण के व्यापक दृष्टिकोण को भी सामने रखते हैं। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी की उपस्थिति में दिया गया उनका संबोधन कई महत्वपूर्ण संदेश छोड़ गया।
संघ की सौ वर्षीय साधना और प्रचारकों का समर्पण का महत्व
मोहन भागवत ने एक पुरानी कहानी के माध्यम से तपस्या और उसके परिणाम का संबंध समझाया। जंगल में अभावों के बीच रहने वाले ऋषि अपनी साधना के माध्यम से दूसरों के लिए सुविधाओं की व्यवस्था करते थे। उनका जीवन स्वयं के सुख-सुविधाओं के लिए नहीं, बल्कि दूसरों की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए समर्पित था। यही उदाहरण संघ के प्रचारकों के जीवन से जोड़ते हुए उन्होंने बताया कि त्याग और समर्पण की भावना किसी भी बड़े सामाजिक परिवर्तन की आधारशिला होती है।
संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार ने बहुत पहले यह समझ लिया था कि समाज और राष्ट्र को बदलने के लिए सबसे पहले व्यक्ति का निर्माण आवश्यक है। व्यक्ति अच्छा होगा तो परिवार, समाज और व्यवस्था में भी सकारात्मक बदलाव आएगा। इसी सोच के साथ संघ ने व्यक्ति निर्माण को अपनी कार्यपद्धति का आधार बनाया। सौ वर्षों की यात्रा के बाद भी इस विचार को आगे बढ़ाने का दावा संघ की निरंतरता और संगठनात्मक विस्तार को दर्शाता है।
इस संबोधन का सबसे महत्वपूर्ण पक्ष प्रचारकों का जीवन रहा। भागवत ने स्पष्ट किया कि प्रचारक अलग-अलग स्वभाव, क्षमता और कार्यशैली के होते हैं, लेकिन उन सभी में एक गुण समान है: समर्पण। वे व्यक्तिगत महत्वाकांक्षाओं, सुख-सुविधाओं और कई बार पारिवारिक जीवन से भी दूरी बनाकर संगठन के कार्य में अपना जीवन लगा देते हैं। उनके लिए व्यक्तिगत उपलब्धि से अधिक महत्वपूर्ण संगठन का उद्देश्य होता है।
निस्वार्थ सेवा और राष्ट्र निर्माण का संदेश
किसी भी संगठन, संस्था अथवा राष्ट्र की मजबूती केवल उसके भवनों, संसाधनों और योजनाओं से नहीं होती, बल्कि उन लोगों से होती है जो बिना किसी व्यक्तिगत लाभ की अपेक्षा के निरंतर काम करते हैं। ऐसे समर्पित लोगों का सम्मान केवल पुस्तकों में स्मरण करने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनके आदर्शों को जीवन में उतारना भी आवश्यक है। मोहन भागवत ने विदेशों के विकसित समाजों का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां के लोग भी यह देखकर आश्चर्य करते हैं कि हजारों लोग दशकों तक संगठन के लिए काम कैसे करते हैं। जब व्यक्तिगत स्वार्थ सामाजिक जिम्मेदारी पर हावी हो जाता है, तब निस्वार्थ सेवा का महत्व और बढ़ जाता है।
किसी भी संगठन की वास्तविक सफलता का मूल्यांकन उसके विस्तार के साथ-साथ उसके सामाजिक योगदान, पारदर्शिता, समावेशिता और राष्ट्रहित में किए गए कार्यों से भी होना चाहिए। आज देश अनेक सामाजिक, आर्थिक और नैतिक चुनौतियों से गुजर रहा है। ऐसे समय में व्यक्ति निर्माण, अनुशासन, कर्तव्यबोध और निस्वार्थ सेवा जैसे मूल्यों की प्रासंगिकता और बढ़ जाती है। राष्ट्र निर्माण केवल नारों से नहीं, चरित्र निर्माण से होता है। यदि समाज का प्रत्येक व्यक्ति अपने कर्तव्यों के प्रति ईमानदार हो जाए और निजी स्वार्थ से ऊपर उठकर सामाजिक हित में योगदान देने लगे, तो प्रगति की राह मजबूत हो सकती है। यही इस संबोधन का सार है।

