
आदित्यपुर काली पूजा पंडाल के पास सोनू की गोली मारकर हत्या
*जुआ खेलने के दौरान विवाद की आशंका, टीएमएच में चिकित्सकों ने किया मृत घोषित*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, आदित्यपुर
आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सतबहिनी स्थित जुलूमटांड़ में सोमवार शाम काली पूजा पंडाल के समीप एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सोनू कुमार के रूप में हुई है। गोली लगने से गंभीर रूप से घायल सोनू को आनन-फानन में टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, घटनास्थल के पास कुछ लोग जुआ खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हुआ और सोनू को गोली मार दी गई। घटनास्थल पर पुलिस को ताश की गड्डियां बिखरी मिली हैं। हालांकि, हत्या का कारण जुआ खेलने के दौरान हुआ विवाद ही था या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। मृतक के भाई और प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है। विशाल सिंह नामक युवक पर गोली मारने का आरोप सामने आया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।

