
बाइक चोरी के शक में विक्षिप्त की पिटाई, पुलिस ने ग्रामीणों के चंगुल से छुड़ाया
राष्ट्र संवाद संवाददाता, पोटका
कोवाली थाना क्षेत्र के तेंतला पोड़ा पंचायत अंतर्गत गाम्हीरकोचा गांव में गुरुवार देर रात बाइक चोरी के संदेह में ग्रामीणों ने एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति की पिटाई कर उसे बंधक बना लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे ग्रामीणों के कब्जे से मुक्त कराया और इलाज के लिए सदर अस्पताल, जमशेदपुर भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, उक्त व्यक्ति की पहचान रामू मुंडा के रूप में हुई है, जो स्वयं को बागबेड़ा का निवासी बता रहा है। ग्रामीणों के मुताबिक, देर रात कुत्तों के लगातार भौंकने पर उनकी नींद खुली। बाहर निकलने पर उन्होंने रामू को एक घर में घुसकर बाइक निकालने का प्रयास करते देखा। इसके बाद ग्रामीणों ने उसे पकड़ लिया और चोरी के संदेह में मारपीट करते हुए बंधक बना लिया।
सूचना मिलने पर कोवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे छुड़ाकर अस्पताल भेजा। पुलिस के मुताबिक, रामू की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है। वह घर से साइकिल लेकर निकला था और भटकते हुए करीब 30-40 किलोमीटर दूर गाम्हीरकोचा पहुंच गया। पुलिस मामले की जानकारी जुटा रही है।

