
संत जूड्स विद्यालय में दीपावली एवं छठ पूजा का भव्य सांस्कृतिक आयोजन के साथ बेगूसराय के फुलवरिया, बरौनी स्थित विद्यालय परिसर में हर्षोल्लास का माहौल देखने को मिला। गुरुवार को दीपावली एवं लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के पावन अवसर पर एक भव्य सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हुआ, जहाँ विद्यालय परिसर भारतीय संस्कृति, परंपरा, कला और आध्यात्मिक चेतना के सुंदर संगम का साक्षी बना।
संत जूड्स विद्यालय में दीपावली एवं छठ पूजा का भव्य सांस्कृतिक आयोजन की झलक
इस अवसर पर विद्यार्थियों की प्रतिभा, रचनात्मकता और सांस्कृतिक अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इनमें आर्ट एंड क्राफ्ट मेकिंग, तोरण निर्माण तथा दीप निर्माण एवं सजावट प्रमुख आकर्षण रहे। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशीलता का शानदार प्रदर्शन करते हुए आकर्षक एवं मनमोहक कलाकृतियाँ प्रस्तुत कीं, जो सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनीं।
कार्यक्रम का सबसे आकर्षक एवं अविस्मरणीय हिस्सा दीपावली एवं छठ पूजा के अवसर पर आयोजित विशेष सांस्कृतिक प्रार्थना सभा रही। पूरा विद्यालय परिसर छठ के पारंपरिक एवं भक्तिमय गीतों से गूँज उठा। विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों ने वातावरण को भक्तिरस, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास से सराबोर कर दिया।
विशेष सांस्कृतिक प्रस्तुति के अंतर्गत विद्यार्थियों ने रामायण के विभिन्न प्रसंगों का अत्यंत प्रभावशाली एवं जीवंत मंचन किया। इसमें सीता हरण, राम-रावण युद्ध, कैकेयी संवाद, केवट संवाद, दशरथ-राम संवाद तथा अंत में भगवान श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के अयोध्या आगमन के दृश्य को अत्यंत सुंदर ढंग से प्रस्तुत किया गया।
भगवान श्रीराम, माता सीता, लक्ष्मण, रावण, कुंभकर्ण, मेघनाद, हनुमान, सुग्रीव, जटायु सहित अन्य पात्रों की आकर्षक वेशभूषा, सजीव अभिनय, प्रभावशाली संवाद अदायगी और आत्मविश्वास से परिपूर्ण प्रस्तुतियों ने उपस्थित सभी दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विशेष रूप से राम के अयोध्या आगमन का दृश्य अत्यंत भावपूर्ण और मनोहारी रहा।

विद्यालय के अध्यक्ष शंकर कुमार ने इस आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को अपनी सांस्कृतिक जड़ों, परंपराओं और नैतिक मूल्यों से जोड़ने के साथ-साथ उनकी छिपी प्रतिभाओं को निखारने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि त्योहारों का महत्व हमारी जीवन पद्धति में निहित है।
विद्यालय के प्रबंध निदेशक ओम नारायण एवं अकादमिक निदेशक राहुल कुमार ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि भारतीय त्योहार हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के प्रतीक हैं। विद्यार्थियों को इन पर्वों के माध्यम से हमारी परंपराओं, आदर्शों और जीवन मूल्यों को समझने तथा आत्मसात करने का अवसर मिलता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य संतोष पांडेय ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों, शिक्षकों एवं आयोजन से जुड़े सभी सदस्यों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। इस भव्य उत्सव में लगभग 500 से अधिक विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों ने सक्रिय भागीदारी निभाई, जिससे विद्यालय का अनुशासन और एकता का संदेश जन-जन तक पहुँचा।
यह कार्यक्रम न केवल मनोरंजन का साधन रहा, बल्कि इसने बच्चों को भारतीय संस्कृति के प्रति गौरवान्वित होने की प्रेरणा भी दी। इस प्रकार के आयोजन भविष्य में भी निरंतर जारी रहेंगे।

