चार महीने से खराब जलमीनार, 30 से अधिक घरों में पेयजल संकट
*कुलियंक गांव के ग्रामीणों ने ‘अबुआ मित्र’ पर दर्ज कराई शिकायत*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, बहरागोड़ा
बहरागोड़ा प्रखंड की पाथरी पंचायत अंतर्गत कुलियंक गांव में पिछले चार महीने से जलमीनार खराब पड़ी है। इससे 30 से अधिक घरों के सामने पेयजल संकट उत्पन्न हो गया है।
ग्रामीणों के अनुसार, जिला परिषद की निधि से करीब एक वर्ष पहले स्थापित इस जलमीनार से गांव के 30 से अधिक घरों को पानी मिलता था। इसके खराब होने के बाद लोगों को दूर-दराज से पानी लाना पड़ रहा है। कई बार गुहार लगाने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने पर ग्रामीणों ने पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन की ‘अबुआ मित्र’ व्हाट्सऐप सेवा के माध्यम से शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत का संदर्भ संख्या जेएसआर/जीआरवी/व्हाट्सऐप/26/2901 है।
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और पेयजल एवं स्वच्छता विभाग से जलमीनार की जल्द मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि प्रभावित परिवारों को पेयजल संकट से राहत मिल सके।

