*नरवा पहाड़ में विस्थापितों का आंदोलन रंग लाया, 21 मांगों पर सहमति
*हितकु चौक पर छह घंटे सड़क जाम, यूरेनियम अयस्क का परिवहन ठप; तीन युवाओं को मिला नियोजन पत्र*
राष्ट्र संवाद संवाददाता, जादूगोड़ा
यूसिल की नरवा पहाड़ यूरेनियम परियोजना में स्थानीय विस्थापितों और प्रभावित परिवारों को रोजगार देने समेत विभिन्न मांगों को लेकर शुक्रवार को बड़ा आंदोलन हुआ। स्थानीय विस्थापित-प्रभावित बेरोजगार संघ, हितकु के बैनर तले सैकड़ों ग्रामीणों ने सुबह छह बजे हितकु बजरंगबली चौक पर जादूगोड़ा-सुंदरनगर मुख्य सड़क जाम कर दिया। इससे नरवा पहाड़ से जादूगोड़ा मिल तक यूरेनियम अयस्क का परिवहन करीब छह घंटे ठप रहा। प्रबंधन के साथ वार्ता में 23 में से 21 मांगों पर सहमति बनने के बाद आंदोलन अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया। अगली वार्ता मंगलवार को होगी।
संघ का आरोप है कि परियोजना के लिए हितकु पंचायत की सैकड़ों एकड़ जमीन ली गई और कई परिवार विस्थापित-प्रभावित हुए, लेकिन स्थानीय लोगों को रोजगार में प्राथमिकता देने के वादे के बावजूद पश्चिम बंगाल और अन्य राज्यों के लोगों की बहाली की जा रही थी। इसी के विरोध में ग्रामीणों ने आंदोलन का रास्ता अपनाया। प्रदर्शनकारियों ने अयस्क लदे हाइवा और ट्रकों को रोककर परिवहन बाधित कर दिया।
आंदोलन के दबाव में प्रबंधन ने वार्ता की पहल की। संघ के प्रवक्ता लक्खी दास के अनुसार, 23 मांगों में से 21 पर सहमति बनी है। तत्काल राहत के रूप में हितकु पंचायत के कमल दास, बुधु पात्रो और श्रीनिवास मुखी को संवेदक के अधीन कंपनी में नियोजन पत्र सौंपा गया। अन्य मांगों में शेष विस्थापितों को चरणबद्ध रोजगार, प्रभावित गांवों में कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत पेयजल, सड़क और स्वास्थ्य सुविधाएं तथा ठेकेदारी में स्थानीय लोगों को प्राथमिकता देना शामिल है।
आंदोलन का नेतृत्व संघ अध्यक्ष अशोक दास, सचिव अमित दास और प्रवक्ता सुशील सिंह ने किया। वार्ता में यूसिल प्रबंधन की ओर से राकेश कुमार (डीजीएम, पी एंड आईआर), मनोरंजन महाली (एचओडी, माइंस) और दीप्तेंदु हांसदा (मैनेजर, पर्सनल) शामिल हुए। विस्थापित कमेटी की ओर से अशोक दास, अमित दास, सुशील सिंह, मनु सिंह और पलटन मुर्मू समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।
ग्रामीणों ने आंदोलन स्थगित करते हुए चेतावनी दी कि मंगलवार की वार्ता में लिखित आश्वासन नहीं मिला और शेष मांगों पर ठोस पहल नहीं हुई, तो वे फिर से अनिश्चितकालीन चक्का जाम करेंगे।

