श्री श्री शिव शीतला माता मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा समारोह शुरू
राष्ट्र संवाद संवाददाता
जमशेदपुर। बागुनहातू स्थित श्री श्री शिव शीतला माता मंदिर में सीपी समाज के तत्वावधान में देवी-देवताओं की प्रतिमाओं के प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम का शुभारंभ गुरुवार को भक्तिमय वातावरण में हुआ। इस दौरान श्रीराम दरबार, भगवान गणेश, गायत्री माता, राधा-कृष्ण और शिवलिंग के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद विधिवत पूजा-अर्चना के साथ अन्न अधिवास एवं फल अधिवास की रस्में संपन्न हुईं।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 23 अक्टूबर को जल अधिवास तथा 24 अक्टूबर को प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा पूजा और विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
आयोजन को सफल बनाने में सीपी समाज के अध्यक्ष रुपेश साहू, महासचिव कन्हैया लाल, उपाध्यक्ष रामवतार साहू, रामनाथ ठाकुर, अध्यक्षा शशि देवी सहित समाज के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की है।

